July 7, 2025

कोरबा : स्पीड डिटेक्शन डिवाइस से हाईवे पर सख्ती, कार्रवाई जारी… ओवर स्पीडिंग के मामलों में निगरानी तेज

कोरबा : जिले में बढ़ते हुए सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस लगातार प्रयासरत हैं। सडक़ सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अब ओवरस्पीडिंग पर लगाम कसने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। विभिन्न प्रमुख मार्गों पर हाई-टेक डिजिटल उपकरणों की मदद से यातायात पुलिस निगरानी कर रही है और गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मुख्यालय से कोरबा जिले की ट्रैफिक पुलिस को अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें विशेष स्पीड डिटेक्शन डिवाइस शामिल हैं, जो निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों की पहचान करने में सक्षम हैं। जैसे ही कोई वाहन तय सीमा से अधिक गति पकड़ता है, यह डिवाइस उसे रडार पर ले आता है।

स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे सहित विभिन्न सडक़ों के लिए अलग-अलग गति सीमाएं निर्धारित की गई हैं। इन सीमाओं से अधिक गति से चलने वाले वाहनों को यह उपकरण तुरंत ट्रैक करता है और उनका डेटा सुरक्षित कर लिया जाता है। इसके आधार पर चालकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और कुछ मामलों में मौके पर ही चालान भी किया जा रहा है। कोरबा ट्रैफिक पुलिस द्वारा न केवल स्पीडिंग वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है, बल्कि आम नागरिकों को भी सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर ट्रैफिक अवेयरनेस कैंप लगाए जा रहे हैं। साथ ही, सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी लोगों को नियमों के प्रति संवेदनशील किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्यवाही में एएसआई ईश्वरी लहरे, पुलिस आरक्षक संतोष देवांगन, मेहमान कुर्रे, कृष्णा भारद्वाज शामिल रहे।

You may have missed