KORBA : पुलिस की नाक के नीचे टूटे नियम, कुछ गाडिय़ां जप्त

कोरबा : गलत तरीके से गाड़ी चलाने पर आये दिन अभियान चलते हैं और ऐसे मामले में कार्यवाही होती है। इसके ठीक उल्टे रविवार को कोरबा में निकली दो शोभायात्रा से कुछ घंटे पहले सडक़ों पर तमाशा हुआ। पुलिस की नाक के नीचे नियम तोडऩे को लेकर युवा उत्साहित रहे। बाद में आम लोगों की शिकायत पर निहारिका क्षेत्र में कुछ दुपहिया को जप्त किया गया।
हिन्दू नववर्ष के स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन था। इसके काफी देर पहले ही सडक़ों पर बेमतलब का तमाशा शुरू हो गया। स्पोट्स बाइक का अगला पहिया ऊपर करने के साथ स्टंटिंग, खुद को अलग दिखाने के लिए गाडिय़ों के सायलेंशर निकालने, बाइक में माडीफाई सायलेंशर के साथ फटाखे की आवाज निकालने के अलावा चार पहिया गाडिय़ों के ऊपर बैठकर नारेबाजी जैसे नजारे आम रहे। सडक़ों से बार फर्राटे मारने वाले ऐसे तत्वों के चक्कर में आमलोग परेशान रहे जो सडक़ पर आवाजाही कर रहे थे। इन सबसे अलग हैरान करने वाली बात यह रही कि चौक-चौराहों पर पुलिस बल मौजूद था और उसके आगे ऐसी हरकते हो रही थीं।
शाम 4 बजे के आसपास पानी सिर से ऊपर जाने और लोगों के आपत्ति जताने पर अभियान शुरू हुआ। निहारिका क्षेत्र में पुलिस ने सख्ती दिखाई। और मनमानी करने पर कई गाडिय़ों को जप्त कर लिया। पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों का कहना था कि पुलिस चाहती तो आयोजन करने वालों को पहले ही चेता सकती थी कि नियमों का पालन भी करना है।