July 8, 2025

पाली क्षेत्र में आई तेज आंधी, गिरे बिजली के खंभे, पेड़ भी उखड़े

कोरबा : जिले के ब्लॉक मुख्यालय पाली समेत आसपास के गांवों में शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी के बाद बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज आंधी ने पेड़ों को उखाड़ दिया तो दूसरी तरफ कई घरों के छप्पर को भी उड़ा दिया। बिजली के तार टूट गए। कई स्थानों पर बिजली खंभा भी गिर गए।

आंधी के साथ तेज गर्जना ने भी लोगों के दिलों में दहशत भर दी। आंधी व वर्षा ने जमकर तबाई मचाई। खंभे गिरने की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात होने की वजह से सुधार कार्य में भी दिक्कतें आई। इससे अनेक स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। आज सुबह होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति को व्यवस्थित करने के लिए युद्ध स्तर पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है।